तेलंगाना में, 60 प्रतिशत से अधिक आबादी ने कोविड रोधी एंटीबॉडी विकसित कर ली है

तेलंगाना में, 60 प्रतिशत से अधिक आबादी ने कोविड रोधी एंटीबॉडी विकसित कर ली है

तेलंगाना में 60 प्रतिशत से अधिक लोगों में कोविड से निपटने के लिए एंटीबॉडी यानी प्रतिरक्षा शक्ति विकसित हो गई है। राष्ट्रीय पोषण संस्थान-हैदराबाद ने अपनी रिपोर्ट में इसका खुलासा किया है। संस्थान ने हाल ही में सीरो की मौजूदगी को लेकर चौथे दौर का अध्ययन किया है। संस्थान ने एक विज्ञप्ति में कहा कि तेलंगाना में सीरो पॉजिटिविटी दर 60 दशमलव एक प्रतिशत है। राष्ट्रीय पोषण संस्थान और तेलंगाना सरकार ने यह सर्वेक्षण जनगांव, नालगोंडा और कामारेड्डी जिलों में किया था। सर्वेक्षण में 6 से 9 वर्ष के बच्चों सहित सभी आयुवर्ग के लोग शामिल किए गए थे।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने संक्रमण के प्रसार के तरीके का अध्ययन करने के लिए एक ही इलाके में विभिन्न वर्गों के बीच कई बार सीरो अध्ययन किए। राष्ट्रीय पोषण संस्थान ने पिछले वर्ष राज्य के इन तीनों जिले में तीन दौर के अध्ययन किए और चौथे दौर का अध्ययन इस वर्ष जून में किया गया। इससे एक दिलचस्प बात यह सामने आई कि राज्य में सीरो पॉजिटिविटी दर दिसंबर 2020 की तुलना में जून 2021 में दोगुने से अधिक हो गई है। गौरतलब है कि राज्य में 6 से नौ वर्ष तक के 55 प्रतिशत बच्चे सीरो पॉजिटिव पाए गए हैं। अध्ययन के अनुसार टीकाकरण जरूरी है और वैक्सीन न लेने वालों में सीरो पॉजिटिविटी दर सबसे कम यानी 51 दशमलव तीन प्रतिशत है। कोविड की पहली वैक्सीन लेने वालों में यह दर 78 दशमलव पांच प्रतिशत जबकि दोनो वैक्सीन ले चुके लोगों में यह दर 94 प्रतिशत है।

Related posts

Leave a Comment