जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि घाटी में कश्मीरी पंडितों की वापसी सुनिश्चित करने के ठोस उपाय किये जायेंगे। कश्मीर से अपना घर बार छोडने को बाध्य हो गये ये कश्मीरी पंडित देश के विभिन्न भागों में रह रहे हैं। उपराज्यपाल ने आपदा प्रबंधन, राहत पुर्नवास और पुर्ननिर्माण विभाग के काम-काज की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि कश्मीरी पंडितों के कई परिवार दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और देश के अन्य भाग तथा विदेश में भी रह रहे हैं, जो अपने घर वापस लौटने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश प्रशासन इन लोगों से संपर्क करने व्यापक प्रयास शुरू करेगी। उपराज्यपाल ने कहा कि सबसे पहले यह सुनिश्चित किया जायेगा कि कश्मीरी पंडितों की पूरी आबादी का पंजीकरण जम्मू कश्मीर प्रशासन के साथ हो।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कश्मीरी प्रवासियों के लिए निर्धारित लाभ इस श्रेणी में आने वाले सभी तक पहुंचे। उन्होंने कश्मीरी प्रवासी कर्मियों की आवास व्यवस्था का काम पूरा करने की समयसीमा तय करते हुए कहा कि इस वर्ष नवम्बर तक गांदरबल में आवास व्यवस्था पूरी कर ली जायेगी।
