हिंदी में आज के अखबारों की सुर्खियां 18 जुलाई 2021

हिंदी में आज के अखबारों की सुर्खियां 18 जुलाई 2021

कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए उत्‍तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा इस वर्ष नहीं होगी – जनसत्‍ता, राष्‍ट्रीय सहारा और हिन्‍दुस्‍तान के पहले पन्‍ने पर ये ख़बर है।

लोकसत्‍य, जनसत्‍ता और दैनिक भास्‍कर ने कोविड संक्रमण के लिए अगले सौ दिन की अहमियत बताते हुए लिखा है – तीसरी लहर से बचने के लिए नियमों का पालन बेहद ज़रूरी। राजस्‍थान पत्रिका ने बड़े अक्षरों में लिखा है – दुनिया में रोज आ रहे 9 लाख नए मामले, एक महीने पूर्व सिर्फ तीन लाख थे। इसलिए लापरवाही न बरतें, कोरोना अभी गया नहीं, विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने चेताया – डेल्‍टा वेरियंट एक सौ ग्‍यारह देशों में फैला।

खेलों के महाकुंभ ओलिंपिक के लिए तोक्‍यो रवाना होने से पहले उत्‍साहित खिलाड़ि‍यों के चित्र अखबारों में हैं। अठारह खेलों में 127 खिलाड़ी भाग लेंगे। हिन्‍दुस्‍तान ने शुभकामनाएं शीर्षक से लिखा है – निश्‍चय कर अपनी जीत करो।

राष्‍ट्रीय सहारा ने लिखा है – भारतीय नौसेना को मिले दो मल्‍टी रोल हेलीकॉप्‍टर, बढ़ेगी नौसेना की लड़ाकू क्षमता। हरिभूमि की सुर्खी है – 60 हेलीकॉप्‍टरों की अमरीका ने पहली खेप सौंपी। पत्र ने भारत-अमरीका के मजबूत होते रक्षा संबंधों को विस्‍तार से दिया है।

राज्‍यों में राजनीतिक गतिविधियों की हलचल पर भी लगभग सभी अखबारों की नज़र है।

जनसत्‍ता ने पहले पन्‍ने पर लिखा है – गर्मी और उमस से बेहाल दिल्‍लीवासियों को मिल सकती है राहत, दिल्‍ली में अगले कुछ दिन बारिश के आसार।

अमर उजाला की बड़ी सुर्खी है – विश्‍वविद्यालयों में एक अक्‍तूबर से नया सत्र। कोरोना काल में पढ़ाई शीर्षक से पत्र लिखता है – शैक्षणिक सत्र का नया कैलेंडर जारी। ऑनलाइन आवेदन के लिए दो अगस्‍त से प्रक्रिया शुरू होगी।

दैनिक भास्‍कर ने दक्षिण अफ्रीका में हिंसा और भारतीय समुदाय को निशाना बनाने की ख़बर पर लिखा है – भारत सरकार के दखल के बाद दक्षिण अफ्रीका के मंत्री दंगाग्रस्‍त इलाकों में भारतीयों से मिलेंगे।

यूरोप में बारिश और भूस्‍खलन से हुई बर्बादी का जिक्र भी अखबारों में है।

दिल्‍ली हवाई अड्डे के दूसरे टर्मिनल से विमानों की आवाजाही 22 जुलाई से शुरू होने की ख़बर भी अखबारों में है।

दिल्‍ली से सटे नोएडा में जेवर अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे के लिए समझौते पर हस्‍ताक्षर होने की ख़बर भी इसी के साथ अखबारों ने दी है।

दिल्‍ली की बसों में सफर के लिए वन दिल्‍ली मोबाइल ऐप से टिकट खरीदने पर किराए में दस प्रतिशत छूट के प्रस्‍ताव को दिल्‍ली सरकार ने मंज़ूरी दी, लिखा है – हिन्‍दुस्‍तान और अमर उजाला में है।

Related posts

Leave a Comment