कर्नाटक में दक्षिण कन्नड जिले के प्रभारी मंत्री कोटा श्रीनिवास पुजारी और सांसद नलिन कुमार कतील ने कल स्पेशल मंगलुरू-यशवंतपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस में जोड़े गये दो विस्टाडोम कोच का शुभारंभ किया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विस्टाडोम कोच की शुरूआत की है।
बेंगलुरु और मंगलुरु के बीच सकलेशपुरा और सुब्रमण्य घाटी से जाने वाली रेल में विस्टाडोम कोच लगाया गया है। वेस्टर्न घाट के प्राकृतिक सौंदर्य को विस्टाडोम डब्बे में लगे बड़े शीशों द्वारा देखा जा सकता है। नदी, झरने, जलाशय, पहाड़, घाटियां, हरियाली और बारिश से भरपूर रमणीय दृश्य को अब ट्रेन के सफर द्वारा देखा जा सकता है। विस्टाडोम कोच में सीसीटीवी और जीपीएस आधारित अनाउंसमेंट व्यवस्था है। इसके अलावा यात्रियों के लिए विमान यान जैसी सुविधा भी दी गई है।
