मध्य प्रदेश सरकार ने सभी जिलों को ज़ीका वायरस के प्रति सतर्क रहने के निर्देश जारी किये हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इस वायरस से सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और व्यापक जांच भी हो रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को जीका वायरस से बचाव के उपाय करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को लार्वा सर्विलांस और संदिग्ध मामलों से नमूने एकत्र करने और परीक्षण के लिए भेजने की सलाह दी गई है। इस बीच, राज्य में कल 27 नए कोविड मामले दर्ज किये गए, जबकि संक्रमण से एक रोगी की मृत्यु हुई है। कोविड संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 9 हजार 25 है। राज्य में सक्रिय मामले घटकर 3 सौ 92 हो गए हैं। वहीँ 40 रोगी कल संक्रमण से स्वस्थ हुए हैं। भोपाल में 10 जबकि इंदौर में 6 नए मामले सामने आए हैं।
