दक्षिण-पश्चिम मानसून दस जुलाई के आस-पास दिल्ली पहुंचेगा। इस बार मानसून के पन्द्रह वर्षों में सबसे देरी से आने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों, पंजाब के कुछ भागों, राजस्थान और दिल्ली में दस जुलाई तक पहुंचने की उम्मीद है। विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में दस जुलाई से वर्षा से जुड़ी गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। केरल में दो दिन की देरी से पहुंचने के बाद मानसून देश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमोत्तर भागों सहित कई स्थानों पर सामान्य से दस दिन पहले ही पहुंच गया था, लेकिन मानसून के आगे बढ़ने की विपरीत परिस्थितियों के कारण यह कमजोर पड़ गया और सुस्त हो गया। दिल्ली में मानसून सामान्य तौर पर 27 जून तक पहुंच जाता है और 8 जुलाई तक इसका असर पूरे देश में हो जाता है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के देश के शेष भागों में 10 जुलाई के आसपास पहुंचने की संभावना
