भारतीय तटरक्षक ने तिलांचोंग द्वीप के करीब सात मछुआरों को बचाया

भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने पोर्ट ब्लेयर से लगभग 350 किलोमीटर दक्षिण में तिलांचोंग द्वीप के करीब समुद्र सात चालक दल के साथ एक परेशानी में पड़ी मछली पकड़ने वाली नौका ‘आरएसएन-टू’ को बचाया। समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) पोर्ट ब्लेयर को दिनांक 30 जून को करीब 1130 बजे संकट का अलर्ट मिला। चूंकि अलर्ट एक अपंजीकृत संकट चेतावनी ट्रांसमीटर (डीएटी) से जारी किया गया था, आईसीजी ने मत्स्य पालन अधिकारियों के साथ जानकारी साझा की जिसमें कहा गया था कि यह नौका चालक दल के सात सदस्यों के साथ मछली पकड़ने के लिए 28 जून को पोर्ट ब्लेयर से रवाना हुई थी।

फौरन एक समन्वित खोजबीन एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और कामोर्ता से आईसीजी जहाज सी-422 को क्षेत्र में खोज का जिम्मा सौंपा गया। खोजबीन के प्रयासों को और बढ़ाने के लिए आईसीजी जहाज विश्वस्त और डोर्नियर विमान तैनात किए गए। समन्वित तलाशी अभियान के परिणामस्वरूप मछली पकड़ने वाली नौका का समय पर पता लगाया गया। संचार स्थापित करने पर नौका ने गियर बॉक्स में ख़राबी की वजह से मशीनरी टूटने की सूचना दी।

चालक दल को आईसीजी बोर्डिंग टीम द्वारा बुनियादी आवश्यकताएं और प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की गई थी और नौका को खराब चल रहे मौसम के कारण कामोर्ता तक जाने के लिए आईसीजी जहाज विश्वस्त द्वारा खींचकर ले जाया गया। चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित और स्वस्थ बताए जा रहे हैं। आईसीजी नौका के मालिक और मत्स्य पालन अधिकारियों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है।

Related posts

Leave a Comment