आज के अखबारों की सुर्खियां 26 जून 2021

कोरोना वायरस का खतरनाक डेल्टा स्वरूप देश के आठ राज्यों के 174 जिलों में मिलने की चिंता अखबारों ने विस्तार से दी है। राजस्थान पत्रिका ने विभिन्न राज्यों के आंकड़ों के साथ लिखा है- भारत में डेल्टा प्लस का बढ़ता डंक, अमरीका और ब्रिटेन भी चपेट में। राष्ट्रीय सहारा लिखता है- सरकार ने कहा, वायरस के नए स्वरूपों पर दोनों ही टीके प्रभावी।

ऑक्सीजन पर सुप्रीम कोर्ट की ऑडिट टीम की रिपोर्ट में घिरी केजरीवाल सरकार, लिखा है दैनिक भास्कर ने। जनसत्ता की सुर्खी है- समिति ने शीर्ष न्यायालय से कहा, दिल्ली में ऑक्सीजन के लिए बढ़ा-चढ़ाकर दावे पेश किए गए। दैनिक जागरण की बड़ी सुर्खी है- दिल्ली सरकार के चलते 12 राज्यों ने झेला संकट, केजरीवाल सरकार ने चार गुना ज्यादा मांगी ऑक्सीजन।

छात्रों और अभिभावकों की चिंता पर कल शिक्षा मंत्री से हुई बातचीत आज लगभग सभी अखबारों के मुखपृष्ठ पर है। 12वीं के परीक्षा परिणामों से संतुष्ट न होने वाले छात्र अगस्त में दे सकेंगे परीक्षा, इच्छुक छात्रों को सूचित किया जाएगा। लोकसत्य लिखता है- सीबीएसई मूल्यांकन से असंतुष्ट छात्रों को दिया परीक्षा का विकल्प।

अखबारों ने एफएटीएफ की संदिग्ध सूची में पाकिस्तान के बने रहने को भी महत्व दिया है। जनसत्ता लिखता है- आतंकवाद पर इमरान को करारा झटका। दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है- मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद को वित्तीय सहायता पर लगाम लगाने के लिए पाकिस्तान संदिग्ध सूची में बना रहेगा।

भारतीय सेना की सामरिक ताकत में बढ़ोतरी करते हुए डीआरडीओ की देश में विकसित पिनाक के विस्तारित संस्करण का ओडिसा में सफल परीक्षण किए जाने और 45 किलोमीटर दूर लक्ष्य को ध्वस्त करने की खबर भी अखबारों में है।

जनसत्ता ने पहले पन्ने पर विशेष आलेख में लिखा है- पुरानी यादों को सहेजने ट्रेन से गांव निकले राष्ट्रपति कोविंद। 15 साल बाद किसी राष्ट्रपति ने रेलगाड़ी का सफर किया है। राजस्थान पत्रिका ने महामहिम का रेलगाड़ी में सवार होने का रंगीन चित्र पहले पन्ने पर दिया है।

नवभारत टाइम्स की खबर है- मौजूदा स्मार्ट सिटी के साथ-साथ नई स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश ने बाजी मारी, इंदौर और सूरत शीर्ष स्मार्ट सिटी।

Related posts

Leave a Comment