महाराष्ट्र सरकार ने 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए आज से सरकारी अस्पतालों में मुफ्त टीका लगाने का निर्णय लिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस आयु वर्ग के लोग राज्य के सरकारी अस्पतालों में निशुल्क टीका लगवाने के पात्र होंगे।
टीकों की मर्यादित उपलब्धता के कारण महाराष्ट्र सरकार ने 18 से 44 साल के लाभार्थियों का सरकारी अस्पताल में हो रहा टीकाकरण, मई के दूसरे हफ्ते में अस्थायी रुप से स्थगित कर दिया था। लेकिन इच्छुक व्यक्ति निजी अस्पताल तथा कॉर्पोरेट्स द्वारा आयोजित किए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम में भाग ले सकते थे। शनिवार से सरकारी अस्पतालों में 30 से 44 उम्र के नागरिकों के टीकाकरण को मंजुरी दी गई थी। अब राज्य के आरोग्य मंत्री राजेश टोपे ने घोषणा की है की, आज से सरकारी अस्पतालों में युवाओं का टीकाकरण पुनः शुरू होगा।
महाराष्ट्र में पिछले एक दिन में छह हजार 270 नए कोविड रोगियों की पुष्टि हुई है। इस दौरान 13 हजार 758 रोगी स्वस्थ हुए। राज्य में इस समय एक लाख 24 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है। पिछले एक दिन में 94 लोगों की कोविड संक्रमण से मृत्यु हुई।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मुंबई में 518 और पुणे में 147 नए रोगियों की पुष्टि हुई। इस बीच, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया है कि सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण शुरू करने का फैसला किया है।