संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वर्ष 2020 में 64 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया। भारत, विश्व में पांचवां सबसे अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हासिल करने वाला देश रहा। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 27 प्रतिशत बढ़कर 64 अरब डॉलर हो गया, जो वर्ष 2019 में 51 अरब डॉलर था। सूचना और संचार प्रौद्योगिकी उद्योग में अधिग्रहण के चलते प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में यह बढोत्तरी दर्ज हुई।
व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन-अंकटाड द्वारा आज जारी विश्व निवेश रिपोर्ट 2021 में कहा गया है कि वैश्विक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रवाह महामारी से बुरी तरह प्रभावित हुआ है! 2020 में इसमें 35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई और यह पिछले वर्ष के डेढ लाख करोड डॉलर से घटकर एक लाख करोड डॉलर पर आ गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में कोविड महामारी की दूसरी लहर से देश की समग्र आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा, लेकिन अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद से मध्यम अवधि के लिए आर्थिक परिदृश्य आशाजनक है।