उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आज शाम दीपोत्सव मनाया जाएगा। भगवान श्रीराम के घर वापस आने की खुशी में आज शाम अयोध्या नगरी दीपों से झिलमिलाएगी।
सरकार इस वर्ष दीपोत्सव के तहत 26 लाख 11 हज़ार 101 दीप प्रज्ज्वलन कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेगी। इस वर्ष दीपोत्सव में लक्ष्मण किला घाट से नया घाट तक 2,100 वेदाचार्य महाआरती कर एक अन्य कीर्तिमान भी बनाएंगे। साथ ही भारत में निर्मित 1100 ड्रोन की मदद से होने वाला ड्रोन शो, लेज़र शो और थ्री-डी प्रोजेक्शन मुख्य आकर्षण होंगे। दीपोत्सव के दौरान एक खास शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें रामायण के सात कांडों आधारित झांकियों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।
