लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस चरण में 17 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में एक सौ दो सीटों के लिए चुनाव होगा। उम्मीदवार 27 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। मतदान 19 अप्रैल को होगा। लोकसभा चुनाव देशभर में सात चरणों में कराए जाएंगे और मतगणना 4 जून को होगी।
पहले चरण में तमिलनाडु में 39, राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र में पांच-पांच, बिहार में चार, पश्चिम बंगाल में तीन सीट सहित कई राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में मतदान होगा।
पहले चरण में राजस्थान की 12 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, नागौर, सीकर, झुन्झुनु, अलवर, जयपुर, जयपुर ग्रामीण, भरतपुर, दौसा तथा करोली -धौलपुर की सीटों पर मतदान 19 अप्रैल को होगा।
पहले चरण में मध्य प्रदेश की छह संसदीय सीटों पर मतदान होगा। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्यप्रदेश में छह संसदीय क्षेत्रों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा में मतदान होगा। इन सभी सीटों के लिए आज अधिसूचना जारी की जाएगी।
तमिलनाडु में 19 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 मार्च है। कांग्रेस के विधायक विजयधरानी के निधन के बाद खाली हुई विलावनकोड विधानसभा के लिए उप-चुनाव भी आम चुनाव के साथ ही कराए जाएंगे।
