गुजरात और असम में सेमीकंडक्टर केंद्रों की आधारशिला रखने का समाचार सभी अखबारों ने मुख पृष्ठ पर दिया है। हिन्दुस्तान ने उम्मीद शीर्षक से लिखा है- स्वदेशी चिप का उत्पादन अगले वर्ष के अंत तक शुरू होगा। अमर उजाला ने प्रधानमंत्री के इन शब्दों को दिया है- भारत में बनी चिप का जल्द इस्तेमाल करेगा विश्व। राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- पीएम मोदी बोले सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बनेंगे विश्व शक्ति।
शेयर बाजार में कल आई जबरदस्त गिरावट पर पंजाब केसरी लिखता है- शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स में इस साल की सबसे बड़ी गिरावट। नवभारत टाइम्स की खबर है- बिकवाली से बाजार 9 सौ 6 अंक गिरा, वहीं निफ्टी 3 सौ 38 अंक लुढ़का।
दैनिक जागरण ने भाजपा के 72 उम्मीदवारों की जारी दूसरी सूची पर लिखा है- 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्रत्याशियों में तीन पूर्व मुख्यमंत्री और 15 महिलाएं शामिल। इसी खबर पर दैनिक भास्कर के शब्द हैं- दूसरी सूची में 34 नए चेहरे, 30 सांसदों के टिकट कटे।
जनसत्ता के अनुसार 22 हजार 2 सौ 17 चुनावी बॉन्ड खरीदे गए, एसबीआई ने सुप्रीम कोर्ट को जानकारी दी। पत्र यह भी लिखता है- चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर चयन समिति की बैठक आज।
वीर अर्जुन के अनुसार- अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव में फिर आमने-सामने हो सकते हैं जो-बाइडेन और डॉनल्ड ट्रंप।
देशबंधु की खबर है- दिल्ली में बने मेट्रो के दो नए कॉरिडोर, कैबिनेट की बैठक में हुआ फैसला।