संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कल कहा कि सुरक्षा परिषद में तुरन्त सुधार की आवश्यकता है। कल सुरक्षा परिषद के 78वें अधिवेशन में, उन्होंने कहा कि इस विषय पर चर्चा एक सीमा से अधिक खिंच गई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 के सहस्राब्दि सम्मेलन में ही वायदा किया गया था कि सुरक्षा परिषद में सुधार किए जाएंगे लेकिन लगभग 25 वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। सुश्री रुचिरा ने कहा कि सुरक्षा परिषद में सुधार में वीटो पावर आड़े नहीं आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रचनात्मक बातचीत के लिए वीटो के मुद्दे को लचीला बनाए जाने की आवश्यकता है। सुश्री कंबोज ने प्रस्ताव दिया कि नए स्थायी सदस्यों को वीटो का अधिकार तब तक न मिले, जब तक इस संबंध में कोई निर्णय न हो जाए।
