अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये की कमी, आज अधिकतर अखबारों के पहले पन्ने पर है। दैनिक भास्कर का शीर्षक है – पीएम मोदी ने दिया तोहफा, करोडों परिवारों का आर्थिक बोझ घटेगा। अमर उजाला ने लिखा है – उज्ज्वला लाभार्थियों को अब 400 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। वहीं, हरि भूमि के शब्द हैं- महिला दिवस पर सरकार का तोहफा।
मक्का, दाल और कपास उगाने पर पांच साल की पूरी फसल खरीदेगी सरकार, केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल का यह बयान, दैनिक जागरण के मुख्य पृष्ठ पर है।
देश में पहली बार दिए गए राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार भी अखबारों में छाए हुए हैं। राष्ट्रीय सहारा ने कई चित्र देते हुए लिखा है – सृजन का सम्मान, प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति और विरासत को साझा करने का आग्रह किया। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है – युवा प्रतिभाओं को बढावा देने के लिए पुरस्कारों की शुरुआत।
वीर अर्जुन के अनुसार चुनावी बांड के लिए एस बी आई की अर्जी पर सुनवाई 11 मार्च को होगी।
पंजाब केसरी की खबर है – तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता शाहजहा शेख के आवास पर सी बी आई ने छापेमारी की।
बैंक कर्मियों का वेतन 17 फीसदी बढा, अमर उजाला में है। हिन्दुस्तान के अनुसार 8 लाख कर्मियों को फायदा होगा। बढोतरी नवम्बर 2022 से प्रभावी होगी।