संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर लोकसभा में चर्चा जारी है। चर्चा की शुरुआत करते हुए, भारतीय जनता पार्टी सांसद डॉ. हिना गावित ने महिलाओं, गरीबों, किसानों, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पंच प्रंण- महिलाओं, गरीबों, युवाओं, किसानों और आधारभूत अवसंरचना पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद स्वयं सहायता समूहों, लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण के साथ-साथ केंद्रीय योजनाओं में महिला कल्याण के लिए किए गए विशेष उपायों से महिलाओं ने प्रगति हासिल की।
नई शिक्षा नीति के विषय में उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए समान अवसर की नीति बन गई है। बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए लगभग 14 हजार पीएम श्री स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। पिछले दस वर्षों में 315 नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं और देश में एम्स की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व की पांच शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष देश में 18 लाख करोड़ रुपये के यूपीआई लेनदेन किए गए। भारत पिछले दस वर्षों में एक वैश्विक नेता के रूप में उभरा है।
चर्चा में भाग लेते हुए, केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चलाई है क्योंकि पिछले दस वर्षों में उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कभी भी भ्रष्टाचार, वंशवादी राजनीति और अन्याय के मुद्दों पर समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, गरीबी हटाओ जैसे नारे देती थी लेकिन इस दिशा में कभी ठोस कदम नहीं उठाया। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा जारी है।
