विश्व आर्थिक मंच की 54 वीं वार्षिक बैठक आज से स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरू हो रही है। बैठक का विषय है विश्वास का पुर्ननिर्माण। बैठक में नई प्रौद्योगिकी और उसके प्रभाव से पैदा हुए अवसरों का पता लगाना तथा नीति-निर्धारण और वैश्विक साझेदारी के मुद्दों पर चर्चा होगी। जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के खतरे, आर्थिक सहयोग, भू-राजनीतिक विभाजन और विश्व के सामने खडी अन्य समस्याओं पर भी विचार-विमर्श होगा। रूस-यूक्रेन युद्ध, इस्राइल-हमास युद्ध जैसे संघर्ष भी बैठकी कार्यसूची में शामिल हैं।
पांच दिन की इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अश्विनी वैष्णव और हरदीप सिंह पुरी करेंगे। भारतीय प्रतिनिधि मंडल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तथा सौ से अधिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी शामिल होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक के गर्वनर शक्तिकांत दास तथा उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना के मंत्री भी बैठक में भाग लेंगे।
