भारतीय नौसेना के विस्फोटक आयुध रोधी दल ने कल मुम्बई बंदरगाह पहुंचने पर व्यावसायिक जहाज एम वी केम प्लूटो का गहन निरीक्षण किया। दो दिन पहले इस जहाज पर अरब सागर में भारत के पश्चिमी तट के नजदीक उस समय ड्रोन से हमला हुआ था जब यह न्यू मैंगलोर बंदरगाह की ओर जा रहा था।
नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोटक आयुध रोधी दल के विश्लेषण के बाद विभिन्न एजेंसियों की ओर मिलकर जांच शुरू की गई है। अरब सागर में व्यावसायिक जहाजों पर हमलों को देखते हुए नौसेना ने निगरानी के लिए अरब सागर में लम्बी दूरी तक कार्रवाई करने वाले P-8I गश्ती विमानों और युद्धपोत आईएनएस मोरमूगाओ, आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता को तैनात किया है।
शनिवार को लाइबेरिया के झंडेवाले जहाज एम वी केम प्लूटो पर ड्रोन हमला उस समय हुआ है जब इस्रायल हमास युद्ध के बीच लाल सागर और अदन की खाडी में ईरान समर्थित हूती व्रिदोहियों की ओर से कथित तौर पर व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की चिंता बढ गई है।