आज का अखबार हिंदी 23 नवंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आज का अखबार हिंदी 23 नवंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जी-20 नेताओं के डिजिटल शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह बयान जनसत्ता, अमर उजाला और हिंदुस्तान सहित कई अन्य अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण के अनुसार प्रधानमंत्री ने वर्चुअल सम्मेलन में पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताई।

इज़राइल और हमास के बीच संघर्ष विराम पर बनी सहमति को भी अखबारों ने अहमियत दी है। हिंदुस्तान का शीर्षक है – इजराइली बंधकों की रिहाई के लिए युद्ध विराम पर सहमत। दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है गजा़ पट्टी में आज रूक जाएगी लड़ाई।

हरिभूमि के अनुसार भारतीय वायु सेना को जल्द मिलेंगे बारह नए सुखोई विमान, इनमें साठ प्रतिशत उपकरण स्वदेशी।

उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले की सिल्क्यारा सुरंग से श्रमिकों को बाहर निकालने की जद्दोजहद पर वीर अर्जुन और राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं – युद्ध स्तर पर जारी बचाव अभियान, जल्द श्रमिकों के बाहर आने की उम्मीद। पंजाब केसरी लिखता है – सभी निर्माणाधीन सुरंगों का सुरक्षा ऑडिट होगा।

दैनिक भास्कर के कारोबार पन्ने की सुर्खी है 26 नवंबर 2015 को जारी गोल्ड बॉन्ड की पहली सीरीज बृहस्पतिवार को मैच्योर होगी, एक सौ 28 प्रतिशत रिटर्न के आसार।

राष्ट्रीय सहारा की खबर है – भारत की बढ़ती डिजिटल आवश्यकताओं पर आधारित डी ए टी एक्सपो आज से दिल्ली के यशोभूमि में शुरू होगा।

अमर उजाला ने अपने विशेष आलेख में लिखा है – जंगलों की आग से वैश्विक अर्थव्यवस्था को करीब छह दशमलव चार लाख करोड़ रूपये का नुकसान, कई देशों को चुकानी पड़ती है भारी कीमत।

देशबंधु की खबर है दिल्ली की हवा अब भी बेहद खराब, प्रमुख स्थानों पर ए-क्यू-आई गंभीर श्रेणी में।

जनसत्ता के खेल पन्ने की सुर्खी है – एशियाई पैरा तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत ने चार स्वर्ण, चार रजत और एक कास्य जीता।

Related posts

Leave a Comment