बैंकॉक में एशियन पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत ने दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया

बैंकॉक में एशियन पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत ने दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया

बैंकॉक में एशियन पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में दुनिया के नंबर पांच खिलाड़ी राकेश कुमार की अगुवाई में भारत ने दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में भारत ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य सहित 9 पदक जीते। दक्षिण कोरिया तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा।

भारत के लिए हांगझू पैरा एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता राकेश कुमार ने पुरुषों की कंपाउंड ओपन स्पर्धा में इंडोनेशिया के तीरंदाज को 144 के मुकाबले 145 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले राकेश ने सूरज सिंह के साथ मिलकर पुरुष कंपाउंड ओपन टीम स्पर्धा का भी स्वर्ण पदक जीतने में कामयाबी हासिल की।

उन्होंने मिक्स्ड टीम मुकाबले में शीतल देवी के साथ मिलकर इंडोनेशियाई जोड़ी को हराया और पहला स्थान हासिल किया। भारत ने चौथा स्वर्ण पदक महिलाओं की कंपाउंड ओपन टीम स्पर्धा में अपने नाम किया। शीतल और ज्योति की जोड़ी ने दक्षिण कोरिया की जोड़ी को मात देकर स्वर्णिम कामयाबी हासिल की।

भारत ने चार रजत पदक भी जीते। भारत की महिला रिकर्व ओपन टीम फाइनल में कोरिया से पराजित हो गई और उसे रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। पुरुषों की रिकर्व टीम को भी फाइनल में दक्षिण कोरिया से पराजय के चलते रजत पदक मिला। पुरुषों की रिकर्व डब्ल्यू-1 टीम को तीसरा रजत पदक मिला। इसके अलावा शीतल देवी को भी रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सरिता ने इससे पहले महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में अपने ही देश की ज्योति को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

Related posts

Leave a Comment