रिजर्व बैंक ने कहा है कि दो हज़ार रुपये के 97 प्रतिशत से अधिक नोट उसके पास वापस आ गए हैं। शीर्ष बैंक ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि मई 2023 में दो हज़ार के 3 लाख 56 हज़ार करोड़ मूल्य के नोट चलन में थे जिनका 31 अक्टूबर 2023 तक लेन देन बंद करने पर अब लोगों के पास ये केवल दस हज़ार करोड़ रह गया है।
रिज़र्व बैंक ने 19 मई 2023 को दो हज़ार रुपये के नोट वापस लेने की घोषणा की थी और लोगों से 7 अक्टूबर 2023 तक किसी भी बैंक में इन्हें जमा कराने या बदलने का अनुरोध किया था।
रिज़र्व बैंक ने कहा है कि दो हज़ार का नोट वैध मुद्रा बना रहेगा और इन्हें जमा कराने या बदलने की सुविधा रिज़र्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी।
उसने कहा कि जो भी इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं वे इन कार्यालयों में भारतीय डाक विभाग के माध्यम से नोट भेज सकते हैं।