जम्‍मू कश्मीर: पुलिस ने बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों के द्वारा दहशत फैलाने की एक साजिश को नाकाम करते हुए कुछ हथियार और गोलाबारूद बरामद किये

जम्‍मू कश्मीर में, पुलिस ने बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों के द्वारा दहशत फैलाने की एक साजिश को नाकाम करते हुए कुछ हथियार और गोलाबारूद बरामद किये हैं। कश्‍मीर पुलिस, असम राइफल्स और सीआरपीएफ की संयुक्‍त टीम ने आतंकवादियों की संदिग्‍ध गतिविधि की सूचना मिलते ही दारदगुंड इलाके में एक जांच चौकी बनायी। चौकी पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने इस संयुक्त टीम को देखकर भागने की कोशिश की लेकिन उसे पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से कुछ हथियार और गोलाबारूद तथा कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। संदिग्‍ध व्‍यक्ति की पहचान शफायत जुबैर रिषी के रूप में की गई है।

पूछताछ के दौरान, आरोपी ने बताया कि वह पज़लपोरा इलाके में मारे गए आतंकवादी और एरिया कमांडर यूसुफ चौपन की पत्नी से हथियार और गोला-बारूद का जखीरा लेने जा रहा था और काफी पहले से ही पाकिस्‍तान स्थित आतंकवादी मुश्ताक अहमद मीर के संपर्क में है। उसने बताया कि वह 1999 से ही जिले में आतंकवादी गतिविधियों को फिर से शुरू करने का काम कर रहा था। उसने वर्ष 2000 के कोठीबाग आईईडी विस्फोट में शामिल होना भी कबूल किया है। इस घटना में 12 पुलिस कर्मियों सहित 14 लोग मारे गए थे।

शफायत जुबैर के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे जांच की जा रही है।

Related posts

Leave a Comment