श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भारत के दक्षिणी हिस्से और श्रीलंका के उत्तरी क्षेत्र के बीच हवाई और समुद्री संपर्क में सुधार के महत्व पर बल दिया है। श्रीलंकाई संसद में आज उन्होंने कहा कि सरकार की कांकेसंथुराई हार्बर, वावुनिया और पलाली हवाई अड्डों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच नौका सेवा स्थापित करने की योजना है।
चेन्नई और जाफना के बीच उड़ान सम्पर्क तीन साल के अंतराल के बाद पिछले साल दिसंबर में फिर से शुरू हो गया था।
राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने 13वें संशोधन को इस तरह से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया जो श्रीलंका के विकास के अनुकूल हो। उन्होंने कहा कि इस संशोधन के लिए सभी संसद सदस्यों की आम सहमति की आवश्यकता है। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रांतीय परिषदों को सत्ता के विकेंद्रीकरण की देखरेख करने वाला 13वां संशोधन अत्यधिक कानूनी महत्व रखता है।
पिछले महीने भारत यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने दशकों पुराने जातीय मुद्दे का समाधान खोजने और संविधान में 13वें संशोधन को लागू करने की प्रतिबद्धता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वासन दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने 1987 के भारत-श्रीलंका समझौते के बाद लाए गए वैधानिक प्रावधान के कार्यान्वयन पर भारत के दृष्टिकोण को रेखांकित किया था।
भारत श्रीलंका पर 13वें संशोधन को लागू करने के लिए दबाव डाल रहा है जिसमें उत्तर और पूर्वी प्रांतों को शक्तियों के हस्तांतरण का प्रावधान है।