नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए दिल्ली से रवाना हुए।
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने नई दिल्ली में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिका की प्रथम महिला डॉ० जिल बाइडेन के निमंत्रण पर बुधवार से शुक्रवार तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बुधवार को न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजनों का नेतृत्व करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का बृहस्पतिवार को वाशिंग्टन में राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस में परम्परागत स्वागत किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन के बीच वार्ता भी होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रथम महिला शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, पेशेवर लोगों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ बातचीत करेंगे। वे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात भी करेंगे।