प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर रवाना हो रहे है। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी जापान में, प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर, जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि जी-7 शिखर सम्मेलन में अनेक प्रमुख प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श होगा।
विदेश सचिव ने बताया कि हिरोशिमा शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी तीन औपचारिक सत्रों में होगी। दो सत्र कल आयोजित होंगे और तीसरा सत्र 21 मई को होगा।
पहले सत्र में खाद्य, स्वास्थ्य, विकास और स्त्री-पुरुष समानता के बारे में चर्चा होगी। दूसरा सत्र जलवायु, ऊर्जा और पर्यावरण पर होगा। तीसरे सत्र का विषय है- ‘शांति, स्थिर और समृद्ध विश्व की ओर’। शिखर सम्मेलन से अलग प्रधानमंत्री जी-7 के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। जापान ने ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कोमोरोस, कुक आईलैंड, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, वियतनाम और संयुक्त राष्ट्र सहित कुछ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों को भी आमंत्रित किया है। दूसरे चरण में प्रधानमंत्री 21 मई को पापुआ न्यू गिनी पहुचेंगे। वे पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मार्के के साथ रूप से हिंद-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच की मेजबानी करेंगे। तीसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 22 मई को ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। वे 24 मई को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और कारोबारी प्रमुखों के साथ बातचीत करेंगे। वे 23 मई को सिडनी में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।