बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में इस महीने की छह तारीख को चक्रवात बनने की आशंका है। इसके प्रभाव से इस क्षेत्र में सात मई को हवा के कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने का अनुमान है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉक्टर मृत्युंजय महापात्रा ने नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि हवा के कम दबाव के इस क्षेत्र के आठ मई को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में चक्रवात में बदलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि बाद में इसके और गहन होने तथा बंगाल की खाड़ी के मध्य में उत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है। महानिदेशक ने कहा कि मौसम विभाग स्थिति पर निरंतर निगरानी रख रहा है।
मौसम विभाग ने देश के उत्तर पश्चिमी इलाकों में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने देश के उत्तर पश्चिमी इलाकों में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों में तेज वर्षा का अनुमान है। विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा के साथ पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में केंद्रित है, जिससे उत्तर पश्चिम भारत में वर्षा हो रही है। इसी कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी तेज वर्षा की आशंका है। इसी तरह पंजाब और हरियाणा में भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम कार्यालय ने कहा है कि मध्यप्रदेश में भी अगले तीन दिनों तक वर्षा का अनुमान है।