जम्मू-कश्मीर में आज दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के चोटिगम इलाके में आतंकवादियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में मारे गये व्यक्ति का भाई घायल हो गया।
खबरों के अनुसार आतंकवादियों ने सुनील कुमार और पिंटू कुमार के रूप में पहचाने गए दो भाइयों पर गोलियां चलाईं, जिसमें सुनील की मौके पर ही मौत हो गई और पिंटू घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में पिछले 24 घंटों में इस तरह का यह दूसरा आतंकी हमला है। सोमवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के गोपालपोरा गांव में आतंकवादियों ने एक मकान पर ग्रेनेड फेंके जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शोपियां में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बर्बर कृत्य के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा।