प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज चेन्नई हवाई अड्डे पर नए एकीकृत टर्मिनल भवन के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही हवाई अड्डे की क्षमता तीन करोड़ यात्री प्रतिवर्ष हो जाएगी। फिलहाल यह दो करोड तीस लाख यात्री प्रतिवर्ष है। दूसरा चरण पूरा होने पर हवाई अड्डे में यात्रियों की संख्या तीन करोड़ पचास लाख प्रतिवर्ष होगी। इस परियोजना की कुल लागत दो हजार 467 करोड रुपये है।
परियोजना का प्रथम चरण एक लाख 36 हजार वर्ग मीटर में फैला है। इससे हवाई अड्डे पर सुविधाओं में वृद्धि होगी। इसमें एक सौ चेक इन काउंटर, 108 आव्रजन काउंटर, 17 लिफ्ट, 17 स्वचालित सीढियां , छह बैगेज बेल्ट और अन्य सुविधाएं होंगी।
इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन तथा केन्द्रीय नागर विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने शाम को चेन्नई से चेन्नई-कोयम्बटूर वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाडी को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में कम से कम एक घंटे की कमी आएगी। नई वंदे भारत से कोयम्बटूर, सेलम, इरोड और तिरूपुर के आसपास के लोगों तथा कपडा उद्योग से जुडे कारोबारियों और आईटी पेशेवरों तथा छात्रों को लाभ होगा।
