पीएम मोदी आज चेन्नई हवाईअड्डे के नए एकीकृत टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे

पीएम मोदी आज चेन्नई हवाईअड्डे के नए एकीकृत टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी आज चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नए एकीकृत टर्मिनल भवन (फेज-1) का उद्घाटन करेंगे, जिसे 1260 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इस नए एकीकृत टर्मिनल भवन के जुड़ने से हवाईअड्डे की यात्री सेवा क्षमता 23 मिलियन यात्री प्रति वर्ष (एमपीपीए) से बढ़कर 30 एमपीपीए हो जाएगी। नया टर्मिनल स्थानीय तमिल संस्कृति का एक आकर्षक प्रतिबिंब है, जिसमें कोलम, साड़ी, मंदिर और अन्य घटक शामिल हैं, जो प्राकृतिक परिवेश को उजागर करते हैं।

एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एक समारोह में प्रधानमंत्री चेन्नई-कोयंबटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री तांबरम और सेनगोट्टई के बीच एक्सप्रेस सेवा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वे तिरुथुरईपूंडी-अगस्थियामपल्ली से डेमू सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिससे कोयम्बटूर, तिरुवरूर और नागापट्टिनम जिलों के यात्रियों को लाभ होगा।

प्रधानमंत्री तिरुथुरईपूंडी और अगस्तियामपल्ली के बीच 37 किलोमीटर लंबे आमान परिवर्तन खंड का भी उद्घाटन करेंगे, जो 294 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है। इससे नागपट्टिनम जिले के अगस्तियामपल्ली से खाद्य और औद्योगिक नमक की आवाजाही को लाभ होगा।

प्रधानमंत्री चेन्नई में श्री रामकृष्ण मठ की 125वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे। स्वामी रामकृष्णानंद ने 1897 में चेन्नई में श्री रामकृष्ण मठ की शुरुआत की थी। रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन आध्यात्मिक संगठन हैं, जो विभिन्न रूपों में मानवतावादी और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों में लगे हुए हैं।

प्रधानमंत्री चेन्नई के एलस्ट्रॉम क्रिकेट मैदान में सार्वजनिक कार्यक्रम में करीब 3700 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में मदुरै शहर में 7.3 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन और राष्ट्रीय राजमार्ग 785 की 24.4 किलोमीटर लंबी चार लेन वाली सड़क शामिल है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-744 की सड़क परियोजनाओं के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। 2400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना से तमिलनाडु और केरल के बीच अंतर-राज्यीय आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और मदुरै में मीनाक्षी मंदिर, श्रीविल्लीपुथुर में अंडाल मंदिर और केरल में सबरीमाला जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी।

Related posts

Leave a Comment