दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक (प्लस) द्वारा तेल उत्पादन में कटौती करने की घोषणा के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को तेजी देखने को मिली। समूह ने कहा है कि वह मई से वर्ष के अंत तक प्रति दिन 10 लाख बैरल से अधिक तेल उत्पादन में कटौती कर रहा है। पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) में सऊदी अरब, इराक और कई खाड़ी राज्य हैं, जबकि ओपेक (प्लस) में रूस सहित उसके सहयोगी देश शामिल हैं।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में ऊर्जा विशेषज्ञ नरेंद्र तनेजा ने कहा कि तेल की आपूर्ति में और कटौती करने के समूह के फैसले से उन देशों के लिए वैश्विक चुनौती बढ़ गई है जो पहले से ही उच्च मुद्रास्फीति से जूझ रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 84 डॉलर और 48 सेंट प्रति बैरल पर चल रही थी।