राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण के तहत अब तक कुल 220.65 करोड़ (95.20 करोड़ दूसरी डोज और 22.86 करोड़ प्रीकॉशन डोज) टीके लगाए जा चुके हैं, बीते चौबीस घंटों में 7,530 टीके लगाए गए
भारत में सक्रिय मरीजों की संख्या 7,605 है, सक्रिय मामलों की दर 0.02 प्रतिशत है
स्वस्थ होने की वर्तमान दर 98.79 प्रतिशत है, बीते चौबीस घंटों में 718 लोग स्वस्थ हुए,अब तक स्वस्थ हुए कुल लोगों की संख्या 4,41,60,997 है
पिछले 24 घंटों में 1,300 नए मामले सामने आए, दैनिक सक्रिय मामलों की दर 1.46 प्रतिशत है
अब तक 92.06 करोड़ जांच की जा चुकी हैं, बीते चौबीस घंटों में 89,078 जांच की गई
देश में कल कोविड संक्रमण के 1300 नये मामले दर्ज किए गए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इस दौरान 708 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। स्वस्थ होने की दर फिलहाल 98 दशमलव 79 प्रतिशत है। भारत में फिलहाल संक्रमित मरीजों की संख्या सात हजार से अधिक है और संक्रमण दर शून्य दशमलव शून्य 2 प्रतिशत है।मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत कल सात हजार 500 लोगों को टीके लगाये गये। देश में अब तक, 220 करोड 65 लाख से अधिक टीके लगाये जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कल दिल्ली में कोविड-19 से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल देश में कोविड-19 की स्थिति का आकलन करने के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक संबंधी तैयारी, टीकाकरण अभियान की स्थिति, कोविड-19 के नए वेरिएंट और इन्फ्लुएंजा के वेरिएंट का संक्रमण और देश के लिए उनके जनस्वास्थ्य को लेकर निहितार्थ शामिल है। यह उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक देश में इन्फ्लुएंजा के मामलों में वृद्धि और पिछले 2 हफ्तों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए हो रही है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में स्वास्थ्य सचिव द्वारा विश्व भर में कोविड-19 स्थिति को कवर करते हुए भारत में इसके बढ़ते मामलों के बारे में एक व्यापक प्रस्तुति दी गई। प्रधानमंत्री को बताया गया कि 22 मार्च, 2023 को समाप्त सप्ताह में भारत में नए मामलों में मामूली वृद्धि देखी गई है, औसत दैनिक मामले 888 और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.98 प्रतिशत दर्ज की गई है। हालांकि, उसी सप्ताह के दौरान वैश्विक स्तर पर 1.08 लाख दैनिक औसत मामले दर्ज किए गए हैं।