दिल्ली नगर निगम के मेयर चुनाव जल्द कराने को लेकर आम आदमी पार्टी-आप की याचिका पर उच्चतम न्यायालय में 3 फरवरी को सुनवाई होगी। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने आज कहा कि पूरे देश में यह बात साफ हो गई कि आम आदमी पार्टी मेयर का चुनाव कराना चाहती है और भाजपा दिल्ली नगर निगम पर अवैध कब्जा कायम रखना चाहती है।
“आप” ने उच्चतम न्यायालय में दिल्ली नगर निगम का समय से मेयर, डिप्टी मेयर और स्टेंडिंग कमेटी के चुनाव कराने की मांग की है। आम आदमी पार्टी की याचिका उच्चतम न्यायालय में मंजूर हो गई है। इसके ऊपर अब तीन फरवरी को सुनवाई होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में भाजपा कब्जा नहीं छोड़ेगी इसलिए आम आदमी पार्टी को देश की सबसे बड़ी अदालत में जाना पड़ा है। भाजपा की केंद्र सरकार और दिल्ली नगर निगम को उच्चतम न्यायालय सख्त आदेश दे ताकि दिल्ली नगर निगम में जल्द से जल्द सरकार बनाई जाए।
भारद्वाज ने आगे कहा कि हम उच्चतम न्यायालय का हाथ जोड़कर धन्यवाद करते हैं। आम आदमी पार्टी की तरफ से उच्चतम न्यायालय में दिल्ली नगर निगम में जल्द से जल्द मेयर, डिप्टी मेयर और स्टेंडिंग कमेटी के चुनाव कराने और एल्डरमेन (नॉमिनेटेड काउंसलर्स) के वोट पर रोक लगाने को लेकर याचिका दाखिल की गई थी। इससे पूरी दिल्ली और देश में आज यह बात साफ हो गई कि आम आदमी पार्टी चुनाव कराना चाहती है ताकि जल्द से जल्द दिल्ली नगर निगम में सरकार बनें। दिल्ली वालों ने आम आदमी पार्टी को बहुमत दिया है।