प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में रोजगार मेले के तीसरे चरण में 71,000 नियुक्ति पत्र सौंपे गए

भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए देशव्यापी रोजगार मेले के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 71,000 युवाओं को सरकारी विभागों एवं संस्थाओं में नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिए गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रोजगार मेले को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के नियमित रोजगार मेले हमारी सरकार की पहचान बन गए हैं। इससे पता चलता है कि हमारी सरकार अपनी प्रतिबद्धता को कैसे साबित करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में व्यापक बदलाव आया है। केंद्रीय सेवाओं की भर्ती प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक कुशल और समयबद्ध हो गई है। आज सरकार के हर काम में, भर्ती प्रक्रिया में, पारदर्शिता और तेजी दिखाई दे रही है। पारदर्शी तरीके से भर्ती और पदोन्नति से युवाओं में आत्मविश्वास पैदा होता है। यह पारदर्शिता उन्हें बेहतर तरीके से प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित करती है। हमारी सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष 2023 का पहला रोजगार मेला है। उज्ज्वल भविष्य की नई उम्मीदों के साथ इस वर्ष की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री ने सभी युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में लाखों और परिवारों को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति मिलने वाली है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में ढांचागत विकास के समग्र दृष्टिकोण से 8 वर्षों में रोजगार के लाखों अवसर सृजित हुए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर में 100 लाख करोड़ रुपये के निवेश का उदाहरण देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि नए बाजार, नई सड़कें या रेलवे लाइनों की परिधि के साथ खुलते हैं, जिससे खेतों से खाद्यान्न का परिवहन बहुत आसान हो जाता है, इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। प्रत्येक गांव को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए भारत-नेट परियोजना के बारे में चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री ने इसके द्वारा सृजित रोजगार के नए अवसरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसने गांवों को ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करके उद्यमिता का एक नया क्षेत्र खोला है। टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्टार्टअप के फलते-फूलते परिदृश्य के बारे में बात करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस सफलता ने दुनिया के युवाओं के लिए एक नई पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने नवनियुक्त युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आपको सीखना होगा और देश को आगे ले जाने के लिए खुद को सक्षम बनाना होगा।

Related posts

Leave a Comment