17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन आज से इंदौर में शुरू हो रहा है

17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन आज से इंदौर में शुरू हो रहा है

17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन आज से इंदौर में शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सोमवार को सम्‍मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे, राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्‍मेलन के समापन सत्र की अध्‍यक्षता करेंगी तथा प्रवासी भारतीय सम्‍मान प्रदान करेंगी। इस वर्ष का विषय है- प्रवासी भारतीय अमृतकाल में भारत के विश्वसनीय साझेदार।

प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन के तीन भाग हैं। पहले भाग के रूप में आज केन्‍द्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के सहयोग से युवा प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन होगा। केन्‍द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज नवाचार और नई प्रौद्योगिकी प्रवासी भारतीय युवाओं की भूमिका पर आयोजित इस सत्र की अध्‍यक्षता करेंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं की हर क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण भूमिका है।

यह अपने आप में बड़ा आयोजन है क्‍योंकि भारत एक युवाओं का देश है और युवाओं का समाज कल्‍याण में, अर्थव्‍यवस्‍था में, कई अन्‍य क्षेत्रों में एक बहुत बडा योगदान है और युवाओं की भूमिका कैसे बड़ी हो, प्रवासी युवाओं की भूमिका भी इस अमृतकाल में कैसे बड़ी हो इस दिशा में भी चर्चाएं भी होंगी, उनसे मिलना भी होगा।

मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विदेशमंत्री एस जयशंकर और ऑस्‍ट्रेलिया की सांसद जनेता मेसकरेंहास भी सत्र को संबोधित करेंगी। प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन में लगभग 70 देशों के तीन हजार पांच सौ प्रवासी भारतीयों ने पंजीकरण कराया है। पूजा पी वर्धन के साथ संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार इंदौर।

Related posts

Leave a Comment