राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पांच दिवसीय प्रवास के दौरान आज हैदराबाद में केशव मेमोरियल एजुकेशन सोसाइटी के छात्रों और शिक्षकों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों से संचार कौशल विकसित करने और पढ़ने की आदत डालने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हैदराबाद प्रौद्योगिकी का केन्द्र है और छात्रों को इसका लाभ उठाते हुए अपनी ज्ञान वृद्धि के लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा प्रणाली युवकों में रचनात्मक दृष्टिकोण का सृजन करती है और युवा पीढी को आज इसी की आवश्यकता है।
राष्ट्रपति ने कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्रों से बातचीत भी की। उन्होंने लाभप्रद शिक्षा, संतोषजनक जीवन शैली और अपनी संस्कृति तथा विरासत से जुड़े रहने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान दुनिया के बेहतरीन संविधान में से एक है। उन्होंने महिला शिक्षा पर जोर देते हुए अभिभावकों और समाज का आह्वान किया कि वे बालिका शिक्षा को बढ़ावा दें और महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद करें।
राष्ट्रपति ने केशव मेमोरियल एजुकेशन सोसायटी के परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल और न्यायमूर्ति कोरटकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने आजादी का अमृत महोत्सव के बारे में सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा लगायी गयी फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर तेलंगाना की राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन और केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी भी उपस्थित थे।
