प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शिलंग में 2 हजार चार सौ पचास करोड़ रूपये से अधिक की कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ की आधारशिला रखी। उन्होंने 4G मोबाइल टावर भी देश को समर्पित किये, जिनमें से 320 का निर्माण कार्य पूरा हो गया है और लगभग 890 टॉवरों का निर्माण चल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने उमसावली में भारतीय प्रबंधन संस्थान शिलंग के नए परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने शिलंग-डिंगपासोह मार्ग का उद्घाटन किया जिससे नए शिलंग सेटेलाइट टॉउनशिप तक आवागमन बेहतर हो सकेगा और जाम से मुक्ति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने मेघालय-मणिपुर और अरूणाचल प्रदेश से जुड़ी चार अन्य सड़क परियोजनाओं का उद्घाघन भी किया। उन्होंने तुरा और शिलंग प्रौद्योगिकी पार्क के एकीकृत आतिथ्य और सम्मेलन केन्द्र की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री मोदी ने मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और असम के 21 हिन्दी पुस्तकालयों का उद्घाटन भी किया।
इससे पूर्व, प्रधानमंत्री मोदी मेघालय और त्रिपुरा के दौरे पर आज सुबह शिलंग पहुंचे और उन्होंने पूर्वोत्तर परिषद के स्वर्ण जयंती समारोह की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित थे।
गृहमंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र, पूर्वोत्तर के लिए बजट आवंटन को प्राथमिकता दे रहा है जो कि जमीनी स्तर पर नजर आ रहा है। इस प्रयोजन के लिए अलग से एक मंत्रालय बनाया गया है। अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से पूर्वोत्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
गृहमंत्री ने उग्रवादियों से हथियार डालने की अपील करते हुए कहा कि वे देश के साथ इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।