संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद रोधी समिति की विशेष बैठक आज मुम्बई में शुरू होगी। यह बैठक कल नई दिल्ली में जारी रहेगी। बैठक का विषय है- आतंकी कार्रवाइयों में नई तकनीक के इस्तेमाल से निपटना। बैठक में मौजूदा आतंकी खतरों से निपटने के लिए नई और उभरती प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल पर चर्चा होगी।
नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि और आतंकवाद रोधी समिति की अध्यक्ष रुचिरा कम्बोज ने कहा कि आतंकवाद अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गम्भीर खतरा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक से सदस्य देशों ने आतंकवाद से निपटने के काफी प्रयास किए हैं।
रुचिरा कम्बोज ने कहा कि आतंकी कार्रवाइयों में तीन महत्वपूर्ण तकनीकों के बढ़ते उपयोग पर विशेष चर्चा की जाएगी। इनमें सोशल मीडिया सहित इंटरनेट, भुगतान की नई तकनीक और धन जुटाने के तरीके तथा ड्रोन सहित मानव रहित हवाई व्यवस्था शामिल हैं।
बैठक में बिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली सहित कई देशों के विदेश मंत्री शामिल होंगे।
जेम्स क्लेवरली आज मुम्बई में वर्ष 2008 में ताज पैलेस होटल में आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देंगे। वे कल नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे और वर्ष 2030 की कार्य योजना तथा व्यापक रणनीतिक भागीदारी के अंतर्गत अगले दशक में भारत और ब्रिटेन के बीच सहयोग में तेजी लाने के बारे में विचार-विमर्श करेंगें।