विदेश मंत्री डॉक्टर एस0 जयशंकर ने कहा है कि उपनिवेशवाद के बाद के दौर में अधिक निष्पक्ष और समानता पर आधारित व्यवस्था कायम करने में भारत और न्यूजीलैंड की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि इससे विश्व के अधिकांश भागों में स्मृद्धि और स्थिरता आयेगी।
ऑकलैंड में न्यूजीलैंड की विदेश मंत्री के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों को कारोबार, शिक्षा, प्रौदयोगिकी, डिजिटल वर्ल्ड, कृषि व्यापार, प्रतिभा और सबसे ज्यादा लोगों के बीच सम्पर्क मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
विदेश मंत्री ने कोविड उपायों के कारण प्रभावित भारतीय विदयार्थियों के मुददे पर भी चर्चा की और न्यूजीलैंड में पढ़ने के इच्छुक विदयार्थियों को वीजा देने की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया। डॉक्टर जयशंकर आज ही न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डेर्न के साथ न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय के लोगों को उनकी विशेष उपलब्धियों पर सम्मानित करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। न्यूजीलैंड में आजादी का अमृत महोत्सव के सिलसिले में दोनों नेता विशेष डाक टिकट इंडिया @ 75 जारी करेंगे। डॉक्टर जयशंकर मोदी@20 : स्वप्न हुए साकार पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। इस अवसर पर डॉक्टर जयशंकर सिख समुदाय के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष सम्बन्ध को दर्शाने वाली पुस्तक हार्टफैल्ट – द लेगेसी ऑफ फेथ का भी विमोचन करेंगे।