जम्मू के उधमपुर जिले में पिछले आठ घंटे में दो बम विस्फोट हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पहला बम विस्फोट कल रात साढे दस बजे उधमपुर शहर के डोमेल क्षेत्र में एक पैट्रोल पम्प के पास खड़ी बस में हुआ। दूसरा विस्फोट आज सुबह छह बजे उधमपुर बस स्टैण्ड में खडी बस में हुआ।
पुलिस ने बताया है कि इन घटनाओं में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं और उनकी हालत स्थिर है। जम्मू के अपर पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने बताया है कि शुरूआती जांच में पता चला है कि यह आई ई डी विस्फोट हैं।
सेना, बम निष्क्रिय दस्ता और अन्य एजेन्सियां विस्फोट स्थल पर पहुंच गई हैं। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण के विशेषज्ञ भी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं और जांच के लिए नमूने एकत्र कर लिये गये हैं। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण द्वारा घटना की जांच कराये जाने की संभावना है।
