केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उच्च दक्षता वाले सौर पीवी मॉड्यूल पर उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के दूसरे चरण को स्वीकृति दे दी। राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति को भी स्वीकृति मिली।
सरकार ने सेमीकंडक्टर्स और डिस्प्ले विनिर्माण पारिस्थितिकी के विकास कार्यक्रम में भी संशोधन को स्वीकृति दी। सेमीकंडक्टर स्थापित करने के लिए 50 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यावहारिक दृष्टिकोण ने भारत-अमेरिका संबंधों को रूपांतरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार, वामपंथी उग्रवाद और आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति जारी रखेगी।
सुरक्षा बलों ने देशभर में वामपंथी उग्रवाद के विरूद्ध जारी लड़ाई में निर्णायक जीत हासिल की है। झारखंड और बिहार में माओवादियों के गढ़ में सुरक्षा बलों के स्थायी शिविर स्थापित किए गए।
केन्द्र ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली की सरकारों से पराली बिल्कुल न जलाए जाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरा प्रयास करने को कहा है।
प्रधानमंत्री कल वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से गुजरात में पर्यावरण मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
भारत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने और रोकने की अपनी पहल के लिए संयुक्त राष्ट्र पुरस्कार जीता।
महिला क्रिकेट में, भारत ने कैंटरबरी में दूसरे एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड को 88 रनों से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में दो-शून्य की अजेय बढ़त बना ली है।