सरकार ने कहा है कि इस साल देश का कुल निर्यात 750 अरब अमरीकी डॉलर को पार कर जाएगा। पिछले वर्ष यह 676 अरब अमरीकी डॉलर था। वाणिज्य सचिव बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि इस साल निर्यात 450 अरब अमरीकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है जबकि सेवा क्षेत्र में निर्यात 300 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। निर्यात आंकड़ों की जानकारी देते हुए बी वी आर सुब्रमण्यम ने कहा कि इस साल अगस्त में निर्यात 33 अरब अमेरिकी डॉलर पर स्थिर रहा, जबकि अप्रैल से अगस्त के दौरान निर्यात पिछले साल की तुलना में 192 अरब अमरीकी डॉलर रहा जो पिछले वर्ष की तुलना में 17 दशमलव एक प्रतिशत अधिक है।
बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि अगस्त 2022 तक आयात 61 दशमलव 88 अरब रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 37 प्रतिशत अधिक है। चालू वित्त वर्ष के पांच महीनों में, भारत के आयात में 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढकर 318 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। उन्होंने कहा कि कोयला और पेट्रोलियम के आयात में वृद्धि हुई है और यह अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा संकेत है क्योंकि देश का 25% आयात उपभोक्ता वस्तुओं के लिए है, जबकि 75 प्रतिशत आयात कच्चे माल के लिए है।
