श्रीलंका में नए मंत्रिमंडल को आज शपथ दिलाई जाएगी। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री कार्यालय में सुबह नौ बजे शुरू होगा।
न्यायमूर्ति जयंत जयसूर्या की उपस्थिति में कल संसद में रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के राष्ट्रपति की शपथ ली थी। बुधवार को राष्ट्रपति चुनाव में 225 सदस्यों वाली संसद में श्री विक्रमसिंघ को 134 वोट, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी डलास अल्प्पेरुमा को 82 वोट मिले।
रानिल विक्रमसिंघ के चुनाव के तुरंत बाद प्रदर्शनकारी उन्हें राष्ट्रपति के रूप में अस्वीकार करते हुए फिर सड़कों पर उतर आये।
इस बीच, भारत ने कहा है कि वह श्रीलंका के लोगों के साथ हमेशा खड़ा रहेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि श्रीलंका को आर्थिक सहायता देने में भारत सबसे आगे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत उन देशों में से एक है जिसने श्रीलंका को जरूरत के समय सबसे अधिक सहायता प्रदान की है।
कोलंबो में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले ने कहा कि भारत निवेश और क्षमता निर्माण के माध्यम से श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में योगदान करेगा। श्री बागले ने कहा कि लगभग 70 करोड़ डॉलर मूल्य का ईंधन श्रीलंका पहुंच चुका है।