झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 18 जुलाई को होने वाले चुनाव में एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
झारखण्ड में सत्तारूढ़ महागठबंधन की प्रमुख पार्टी झारखण्ड मुक्ति मोर्चा-झामुमो ने गुरूवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। झामुमो के पार्टी प्रमुख और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन ने इस संबंध में पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को पत्र जारी किया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव मिलने जा रहा है। ऐसे में पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट करने का फैसला लिया है, जबकि झारखण्ड में गठबंधन के अन्य सहयोगियों कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल-राजद ने अब तक इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।