जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथजी पवित्र गुफा के निकट बादल फटने के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हुई, खोज और बचाव अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथजी पवित्र गुफा के निकट बादल फटने के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हुई, खोज और बचाव अभियान जारी

जम्‍मू कश्‍मीर में श्री अमरनाथजी पवित्र गुफा के निकट बादल फटने के बाद जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस, राष्‍ट्रीय आपदा राहत बल, भारत तिब्‍बत सीमा पुलिस और सैन्‍यबल तलाश और बचाव कार्य में जुटे हैं। कल शाम, बादल फटने से श्री अमरनाथजी पवित्र गुफा के निकट बाढ़ के कारण पानी भर गया था। ऊंची पहाडि़यों पर तेज वर्षा के बाद ऊंचाई और पवित्र गुफा के आसपास से पानी आ गया था।

बादल फटने की घटना के कारण मरने वालों की संख्‍या अब बढ़कर 15 हो गई है। मृतकों में 7 पुरूष और 6 महिलाएं हैं जबकि, अन्‍य 2 शवों की अभी पहचान की जानी है।

इस घटना में लगभग 65 लोग घायल हुए, जिनमें से मलबे से जिंदा निकाले गये दो लोगों का अस्‍पताल में उपचार चल रहा है।

बादल फटने के मद्देनजर पहलगाम और बालतल दोनों स्‍थानों से यात्रा अस्‍थायी रूप से स्‍थगित कर दी गई है।

बादल फटने की घटना को देखते हुए कश्‍मीर में स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं के निदेशालयों ने अपने कर्मचारियों की छुट्यिां रद्द कर दी हैं और कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, सभी कार्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने फोन चालू रखें।

दक्षिण कश्‍मीर जिलों-पुलवामा, कुलगाम, शोपियां और अनंतनाग के मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारियों को पहलगाम में दवाओं और किट के साथ और डॉक्‍टरों तथा अर्द्ध-चिकित्‍सा कर्मचारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, उत्‍तर-मध्‍य कश्‍मीर के मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारियों को बालतल में दवाओं और किट के साथ और डॉक्‍टरों तथा अर्द्ध-चिकित्‍सा कर्मचारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभारी भंडार नियंत्रक स्‍वास्‍थ्‍य को जे.के.एम.एस.सी.एल. श्रीनगर के महाप्रबंधक के साथ समन्‍वय करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात सेवाएं चालू रखने के लिए बालताल और पहलगाम में तुरंत आपात आपूर्ति भेजने के लिए तैयार रखी जाए।

एनडीआरएफ के डीजीपी अतुल करवाल ने बताया कि विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

खराब मौसम और बादल फटने को देखते हुए एनडीआरएफ ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये नंबर हैं- 011-234 38 252 और 011-234 38 253. अमरनाथ श्राइन बोर्ड और कश्मीर डिवीजन ने भी तीर्थयात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये नंबर हैं- 0194-231 3149 और 0194-249 6240.

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने अमरनाथ में बादल फटने और बाढ़ से जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्‍होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। प्रधानंमत्री मोदी ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दी जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ और स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में लगे हैं। उन्‍होंने कहा कि लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि तीर्थयात्रियों की दुखद हादसे में हुई मौत के बारे में जानकर वह बहुत व्यथित हैं।

Related posts

Leave a Comment