प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग द्वारा आयोजित मुख्य सचिवों के अखिल भारतीय सम्मेलन की अध्यक्षता करने के लिए आज हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हैं। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो किया।
सम्मेलन में नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, शहरी प्रशासन, फसल विविधता और कृषि उत्पादों में आत्म-निर्भरता पर व्यापक विचार-विमर्श किया जायेगा। इसके अलावा केन्द्र और राज्यों की भागीदारी से सतत आर्थिक विकास पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित करने पर चर्चा की जायेगी।
सम्मेलन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 200 विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। नीति आयोग द्वारा आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने कल शाम धर्मशाला एचपीसीए स्टेडियम में किया। तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन कल होगा।