श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के उग्र होने के कारण देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। रक्षा मंत्रालय ने तीनों सेनाओं को सार्वजनिक संपत्ति को लूटने या नुकसान पहुंचाने वाले दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया है। पिछले कुछ दिनों के दौरान देशभर में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए हैं और प्रदर्शन स्थलों पर तैनात सुरक्षा बलों के साथ झड़पें बढ़ गई हैं।
प्रदर्शनकारी, मंत्रियों और सांसदों के घरों में आग लगा रहे हैं। सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने श्रीलंका के मोरातुवा शहर के मेयर और कई सांसदों के सरकारी आवासों में आग लगा दी।
पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्ष और उनके परिजनों को त्रिंकोमाली नौसेना केंद्र भेज दिया गया है।
भारत, श्रीलंका में लोकतंत्र, स्थिरता और आर्थिक सुधार का पूरा समर्थन करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत ने अपनी पड़ोसी प्रथम नीति को ध्यान में रखते हुए, इस वर्ष श्रीलंका को साढ़े तीन अरब डॉलर से अधिक की राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भारत ने भोजन और दवा जैसी आवश्यक वस्तुएं भी श्रीलंका भेजी हैं।