विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कोविड महामारी के कारण चीन के पर्यटकों के लिए फिर से पर्यटन वीजा जारी करना शुरू करने के लिए यह उपयुक्त समय नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि चीन ने भी नवंबर 2020 से भारतीयों को अधिकांश प्रकार के वीजा जारी करना स्थगित कर दिया है।
एक प्रश्न के उत्तर में, अरिंदम बागची ने कहा कि पाकिस्तान को, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जम्मू-कश्मीर यात्रा पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रधानमंत्री मोदी का जिस प्रकार स्वागत किया गया और उनके द्वारा विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, यह उनकी इस यात्रा के बारे में उठाए जाने वाले सभी प्रश्नों का स्पष्ट उत्तर हैं।
प्रवक्ता ने यह भी बताया कि ‘वंदे भारत’ रेलगाड़ी के कुछ उपकरण यूक्रेन में बनाए जाते हैं, लेकिन वहां चल रहे संघर्ष के कारण इनकी आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि भारत, समय पर आपूर्ति के विकल्प तलाश रहा है।