भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पंजाब के पठानकोट में चुनाव रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत संत रविदास, भगवान वाल्मिकी और संत कबीर के प्रति आदर और सम्मान व्यक्त करते हुए की।
उन्होंने कहा कि संत रविदास के जन्म स्थान काशी आने वाले पंजाब के श्रद्धालुओं के लिए दो विशेष रेलगाडि़यां चलाई गई हैं। प्रधानमंत्री ने काशी में तीर्थ यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और गुरू रविदास के मंदिर में हाल ही बने लंगर हॉल के उद्घाटन के बारे में भी बताया।
संत रविदास के भजन की पंक्तियों ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न – छोटे-बड़े सबसे रविदास रहे प्रसन्न’ का गायन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने रविदास की भावना को आत्मसात किया और वह सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की सरकार ने महामारी के दौरान सबको मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पंजाब में भी पिछले दो साल से लाखों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगियों को सरकार बनाने का मौका दें, क्योंकि जहां भाजपा की सरकार होती है उसे लोग जाने नहीं देते और सरकार निरंतर लोगों की सेवा करती रहती है।
राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब पठानकोट हमला हुआ और पुलवामा की घटना हुई तब कांग्रेस ने उस पर सवाल उठाए और हमारे जवानों की बहादुरी तथा पराक्रम पर संदेह किया। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले की वर्षगांठ पर भी कांग्रेस सवाल उठाने से नहीं रूकी।