जम्मू-कश्मीर में आज दोपहर दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के अशमुजी इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के बाद अशमुजी गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।
जैसे ही संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान के पास पहुंची आतंकवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया जिसकी पहचान की जा रही है। अंतिम समाचार मिलने तक इलाके में संयुक्त अभियान जारी था।