आंध्र प्रदेश में बाढ़ से 14 लोगों के मारे जाने और 28 के लापता होने की खबर

आंध्र प्रदेश में वाई.एस.आर. कडपा जिले में अचानक आई बाढ़ में 14 लोगों के मारे जाने और 28 अन्य के लापता होने की खबर है। ये लोग राजमपेट के पास कल अन्नामय्या बांध के टूटने से पानी में बह गए। पीड़ितों में से अधिकांश जलाशय क्षेत्र के नीचे सड़क पर बाढ़ के पानी में फंसी तीन राज्‍य परिवहन निगम की बसों के यात्री थे। पानी चेयेरू नदी से होते हुए पास की सड़क में घुस गया। तीन बसें तत्काल रोक दी गईं।

पांच घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद 40 यात्रियों को बचा लिया गया है। तलाशी अभियान जारी है। बाढ़ के पानी से घिरे होने के कारण लगभग 15 सौ गाँवों का संपर्क टूट गया है। तिरुपति से पुंडी और पचिकापल्लम की ओर कई स्थानों पर सड़क यातायात बाधित है। तिरुपति से चित्तूर और मदनपल्ले और अन्य स्थानों की ओर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। चेन्नई और मुंबई के साथ-साथ नंदलूर और हस्तवरम के बीच रेल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से रेल सेवाओं को रोक दिया गया है। कुछ ट्रेनों को पकाला और धर्मावरम मार्ग से गुंतकल जंक्शन की ओर मोड़ दिया गया है।

Related posts

Leave a Comment